HomeBiharपटना में आरक्षण के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस...

पटना में आरक्षण के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को आरक्षण के मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। दलित संगठनों की ओर से आयोजित प्रदर्शन में ‘आरक्षण बढ़ाओ, संविधान बचाओ’ जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गांधी मैदान से लोकभवन की ओर मार्च करने की तैयारी में थे।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने जेपी गोलंबर और डाकबंगला चौराहे के आसपास पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, जेपी गोलंबर के पास स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की और इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों की प्रमुख मांगों में बिहार में एससी-एसटी और ईबीसी-ओबीसी के लिए 65 प्रतिशत आरक्षण, निजी क्षेत्र और न्यायपालिका में आरक्षण तथा आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा दलितों के खिलाफ होने वाली हिंसा पर रोक और पीड़ितों को न्याय दिलाने जैसी मांगें भी उठाई गईं।

प्रदर्शन को लेकर पटना पुलिस पहले से अलर्ट मोड में थी। जेपी गोलंबर और डाकबंगला समेत प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में करीब 400 पुलिसकर्मियों के साथ कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी लगाए गए थे, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर और बैनर थे, जिनके जरिए वे आरक्षण से जुड़ी अपनी मांगों को उठा रहे थे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।आरक्षण को लेकर पटना में हुए इस प्रदर्शन ने एक बार फिर बिहार में सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments