लाइव सिटीज, दरभंगा: दरभंगा एयरपोर्ट पर बड़ा हवाई हादसा होते-होते बच गया. सोमवार को मुंबई से उड़ान भरकर आई स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG115 जैसे ही रनवे पर उतरी. इसी दौरान उसका टायर अचानक फट गया. विमान में उस समय करीब 150 यात्री सवार थे. हालांकि, पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और क्षतिग्रस्त विमान पर नियंत्रण पा लिया. इस वजह से एक बहुत बड़ी अनहोनी टल गई
रनवे पर लैंडिंग के समय टायर फटने से विमान का पहिया काफी दूर तक जमीन पर घिसटता रहा. इस अप्रत्याशित घटना के कारण विमान के भीतर बैठे यात्रियों को बहुत तेज झटके लगे और पूरा विमान हिल गया. अचानक हुए इस तेज कंपन से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ.
विमान के पूरी तरह रुकते ही एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. ग्राउंड स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी 150 यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद प्रभावित विमान को मुख्य रनवे से हटाकर जांच के लिए एप्रन पर खड़ा किया गया. वहां स्पाइसजेट कंपनी के इंजीनियरों की टीम ने पहिया फटने के कारणों की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी.
