लाइव सिटीज, पटना: आज आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन है. उनके जन्मदिन पर राबड़ी आवास और पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित होगा. हालांकि खराब तबीयत के कारण इस बार भी भव्य आयोजन नहीं होगा. उनका जन्म 11 जून 1948 को गोपालगंज में हुआ था.
छात्र राजनीति और जेपी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद 1977 में वह 29 साल में पहली बार लोकसभा सांसद बने थे. 1990-97 तक सीएम रहे. 2004 से 2009 तक मनमोहन सरकार में रेल मंत्री भी रहे. 1997 में आरजेडी के गठन से लगातार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं.
वहीं, पटना में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने आधी रात को बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के घर के बाहर केक काटकर बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन मनाया.
लालू यादव के जन्मदिन पर उनके बेटे और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने भावुक पोस्ट के साथ उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. एक्स पर साझा की गई पोस्ट में तेजप्रताप ने अपने पिता को मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और परिवार की एकता का प्रतीक बताया. उन्होंने लिखा कि पिता के संघर्ष, सामाजिक सेवा और पिछड़ों-दलितों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों से उन्होंने हमेशा प्रेरणा ली है और अपने सारे उपलब्धियों का श्रेय पिता को देते हैं.
