लाइव सिटीज, औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। दाउदनगर थाना क्षेत्र की मनार पंचायत में करीब 12 घंटे से लापता एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। बच्चे का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 12 घंटे से घर से गायब था। परिजन और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खास बात यह है कि जिउतिया व्रत से ठीक एक दिन पहले बच्चे की मौत की खबर सामने आई, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया। त्योहार की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी सदमे में हैं।
एसडीपीओ चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने अपने बेटे भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के गायब होने को लेकर दाउदनगर थाना में लिखित आवेदन दिया था. दर्ज आवेदन के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
