लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदल सकता है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है. इसका असर देश के कई राज्यों में दिख सकता है. बिहार में भी 28 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 29 अक्टूबर को पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है. ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
सोमवार, 26 अक्टूबर को बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. पटना, मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है. दिन में धूप खिलने से हल्की गर्माहट महसूस होगी
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हवा में नमी का स्तर 55 से 75 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है. फिलहाल आज राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर तक बिहार में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान ज्यादातर इलाकों में धूप खिली रह सकती है. हालांकि, इसके बाद स्थिति बदलने लगेगी.28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. तेज हवाएं चलने की भी आशंका है.
28 अक्टूबर को कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 29 अक्टूबर को पूरे बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी दी गई है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए.
