लाइव सिटीज, पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज की गई है. बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने आज (25 अक्टूबर) कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज की. मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी के पिता को लेकर टिप्पणी की थी.
पटना के कोतवाली थाना में दी गई शिकायत में कहा गया, ”आज पटना स्थित बापू सभागार में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के द्वारा पीएम मोदी के पिता संबंध में कथित रूप से अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी मिली. इससे हम सभी दुखी और आहत हैं. किसी भी व्यक्ति के परिवार के संबंध में सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाना संवेदनशील विषय है. सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखना जरूरी है.”
बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू की ओर से दर्ज कराई गई इस शिकायत में खरगे के बयान से संबंधित खबर, वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की गई है. इसमें ये भी कहा गया है कि जांच में किसी कानून के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए.
बता दें कि मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है. बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है. प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल देश की जनता के जनादेश का अपमान है.
