लाइव सिटीज, पटना: मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में लगी भीषण आग में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. इस घटना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है.
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
निशांत कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन को घायल मरीजों की सुरक्षा और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने को कहा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के इस निजी अस्पताल में देर रात अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग अस्पताल के एक बड़े हिस्से में फैल गई. उस समय अस्पताल में मरीज, उनके परिजन और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
आग लगने के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कई लोगों ने जान बचाकर बाहर निकलने की कोशिश की, जबकि अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से कई मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
