लाइव सिटीज, पटना: पटना सिटी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कई घाटों पर बाढ़ का पानी पहुंच गया है। रानी घाट, रौशन घाट और महावीर घाट समेत कई घाट जलमग्न हो गए हैं। बढ़ते पानी के कारण घाटों पर लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।महावीर घाट की सड़क पर करीब तीन फीट पानी भर गया है। सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों का परिचालन बाधित हो गया है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए घाटों के आसपास स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में पानी पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है।गायघाट से कंगन घाट की ओर गंगा किनारे बनी सड़क से आने-जाने वाले वाहनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पानी भरने के कारण वाहन चालकों को रास्ते से लौटना पड़ रहा है। कई लोग पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण जोखिम उठाकर वाहन निकालने की कोशिश करते दिखे।
गंगा किनारे निर्माणाधीन फोरलेन सड़क का संपर्क भी महावीर घाट के पास टूट गया है। इसके कारण इस मार्ग से वाहनों का परिचालन संभव नहीं हो पा रहा है। नीची सड़क पर गंगा का पानी फैलने से लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका असर केवल स्थानीय लोगों पर ही नहीं, बल्कि गंगा किनारे से होकर दूसरे इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ रहा है। रोजमर्रा के आवागमन के लिए इस सड़क का उपयोग करने वाले लोगों को अब अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
