HomeBiharस्कूल के बाहर स्मैक मत पियो…', टोकने पर भड़के युवक, घर में...

स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो…’, टोकने पर भड़के युवक, घर में घुसकर मारी गोली

लाइव सिटीज, सुपौल: सुपौल जिले के किसनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्मैक पीने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया और उसपर गोली चला दी गई. घायल युवक के परिजनों ने बताया कि विद्यालय के समीप नशा कर रहे युवकों को रोकने पर बदमाशों ने उसके घर पहुंचकर गोली मार दी. गोली युवक के बाएं बांह में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

घटना किसनपुर थाना क्षेत्र के थरविटिया पूर्व पुनर्वास गांव की बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान वकील दिनेश प्रसाद यादव के 25 साल के बेटे बलवंत कुमार के रूप में हुई है.परिजन ने बताया कि शिवपुरी पुनर्वास स्थित एक विद्यालय के समीप चार-पांच युवक कथित रूप से स्मैक का सेवन कर रहे थे. इसी दौरान वहां पहुंचे बलवंत कुमार ने युवकों को नशा करने से मना किया.

नशा करने से रोकने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए. लेकिन कुछ देर बाद मामला खूनी संघर्ष में बदल गया. बताया जा रहा है कि बलवंत कुमार अपने घर पहुंचकर स्नान कर रहा था, तभी दो बाइक पर सवार पांच युवक उसके दरवाजे पर पहुंचे और फिर से विवाद करने लगे. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने बलवंत पर गोली चला दी. गोली उसके बाएं बांह में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल युवक को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार गोली अभी भी युवक के बांह में फंसी हुई है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही किसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments