लाइव सिटीज, पटना: जदयू के वरिष्ठ नेता व उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने शनिवार को कहा कि भाजपा के नाम पर हौवा खड़ाकर अल्पसंख्यकों को कोई भरमा नहीं सकता।जिस तरह से नीतीश कुमार के शासन में अल्पसंख्यक सुरक्षित थे उसी तरह इस शासन में भी रहेंगे। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्हाेंने यह बात कही।
उपमुख्यमंत्री ने वर्तमान में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली जो सरकार है उसका रास्ता और सलीका नीतीश कुमार द्वारा तय है। मुख्यमंत्री ने विश्वासमत के दौरान यह साफ-साफ कहा है कि नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता पर सरकार की जीरो टालरेंस नीति है। विपक्ष के लोग सांप्रदायिकता के मसले पर लोगों को भड़काने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि मददगार को गुनाहगार और गुनाहगार को मददगार बताते हैं। देशभर का अल्पसंख्यक समाज यह मानता है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में अल्पसंख्यकों के लिए बिहार में जो काम हुए हैं वह पूरे देश में कहीं नहीं हुआ है।एनडीए के शासनकाल के पहले बिहार में यह माहौल बनाया जाता था अल्पसंख्यकों के बीच कि उन्हें कोई मार नहीं सकता। उन्हें पढ़ाने-लिखाने की बात नहीं हुई। उनके लिए कोई योजना तक नहीं बनी।
आज जब आप गरीब अल्पसंख्यक समाज के टोले में जाएंगे तो वहां की महिला जीविका समूह से जुड़ी मिलेंगी। बच्चे को पढ़ाई के लिए वजीफा मिला हुआ दिखेगा। यह सब नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार ने किया है।
