लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने शुक्रवार को चक्रवात ‘अर्नब’ के असर का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक यह प्रभाव बिहार समेत 12 राज्यों पर पड़ेगा. बिहार की बात करें तो अर्नब तूफान के चपेट में 32 जिलों के लिए अलग-अलग कैटेगरी में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और वज्रपता का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार में सीतामढ़ी और मधुबनी के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. इन 2 जिलों में अत्यंत भारी से भारी बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी जारी की है. जबकि दरभंगा, शिवहर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के लिए ऑरेंज अलर्ट है. इन चार जिलों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. यहां बारिश के साथ आंधी तूफान से बचने की सलाह दी गई है.
पटना समेत शेष 26 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां पर मौसम विभाग की हर चेतावनी को गंभीरता से लेने और नजर रखना होगा. हालांकि यहां पर कोई गंभीर खतरा नहीं है. फिर भी सावधानी बरतनी होगी.
पटना मौसम विभाग की मानें तो अर्नब तूफान के चलते बिहार में ठंड की शुरूआत हो गई है. बारिश की वजह से बिहार का पारा लुढ़कता जा रहा है. बिहार के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. यह बताता है कि गुलाबी ठंड में बिहार प्रवेश कर चुका है. अक्टूबर के अंत में ही नवंबर जैसी ठंडी महसूस की जा रही है.
