लाइव सिटीज, पटना: पटना में भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है। पार्टी के मीडिया प्रमुख दानिश इकबाल ने शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
दानिश इकबाल ने बताया कि वह वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी नजर राजद के फेसबुक अकाउंट पर साझा की गई एक पोस्ट पर पड़ी। पोस्ट में पत्रकार कमलेश यादव द्वारा लिए जा रहे एक इंटरव्यू का वीडियो शामिल था।
भाजपा नेता का आरोप है कि वीडियो में आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि इस तरह की भाषा से भाजपा कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद के सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ऐसे कंटेंट को प्रचारित किया जा रहा है।
दानिश इकबाल ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने राजद से संबंधित वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने की भी मांग की। भाजपा की ओर से कहा गया है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी दल या उसके कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
