लाइव सिटीज, पटना: दिल्ली में बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की हत्या को लेकर बिहार की राजनीति गर्म हो गई है। इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मजदूर की मौत पर शोक जताते हुए इसे दुखद बताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को आठ लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली के द्वारका जिला स्थित जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग में बिहार के खगड़िया जिला के रहने वाले मजदूर की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है। मुख्यमंत्री ने श्रम संसाधन विभाग से मृतक के आश्रित को चार लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से चार लाख रुपये यानी कुल आठ लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है
बता दें कि मंगलवार को बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के मार दिया तो मार दिया वाले बयान की निंदा करते हुए कहा कि ‘पांडव कुमार की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी गई क्योंकि वह बिहारी था। देश की राजधानी दिल्ली में जिस जगह बिहारी जानकर गोली मारी गई है, वहां निगम पार्षद, विधायक, सांसद भाजपा के हैं। ‘यही नहीं, सीएम भी भाजपा के हैं, बिहार सीएम भी भाजपा के हैं और आधा दर्जन निष्क्रिय बड़बोले केंद्रीय मंत्री बिहार के, उपराज्यपाल भाजपा के, गृह मंत्री और प्रधानमंत्री भी भाजपा के हैं। भाजपा बिहारियों के लिए काल बन चुकी है
