लाइव सिटीज, पटना: लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा के मुद्दे पर बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से सफाई दी गई है. बिहार पुलिस ने बताया है कि दोनों ही नेताओं को सुरक्षा के लिए अंगरक्षक, स्कॉट गार्ड और आवाास गार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं.
आरजेडी प्रमुख लालू यादव के सुरक्षा हटाए जाने की पुष्टि करने के कुछ घंटों बाद बिहार पुलिस ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बयान जारी कर सभी दावों को खारिज कर दिया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोनों नेताओं की सुरक्षा का स्तर कम नहीं किया गया है, बल्कि नियमित समीक्षा के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
नई सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को बुलेटप्रूफ कार, पायलट गाड़ी तथा बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) के गार्ड उपलब्ध कराए गए हैं. पुलिस ने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप एक्ट, 2010 के प्रावधानों का हवाला देते हुए BR कार (बैलिस्टिक रेसिस्टेंट कार) भी उपलब्ध कराने की जानकारी दी.
जरूरत के आकलन के बाद स्पेशल ब्रांच (S.B.) की टीम से सादे कपड़ों में सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं. बिहार पुलिस का कहना है कि दोनों VIP को वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार उचित सुरक्षा प्रदान की जा रही है.
