लाइव सिटीज, बोधगया: बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन सोमवार को बोधगया के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान वे महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।राज्यपाल बिहार प्रशासनिक सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित भी करेंगे। ये सभी अधिकारी गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (BIPARD) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों से संवाद करेंगे और उन्हें प्रशासनिक दायित्वों को लेकर मार्गदर्शन देंगे।
जानकारी के अनुसार राज्यपाल सोमवार को दोपहर तीन बजे के बाद बोधगया पहुंचेंगे। इसके बाद वह महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बिहार प्रशासनिक सेवा के नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करेंगे।
राज्यपाल के आगमन को लेकर बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। उनके आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए दोपहर बाद सुजाता बाइपास रोड पर आम वाहनों की आवाजाही कुछ देर के लिए रोकी जा सकती है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
