लाइव सिटीज, पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह धारणा बनी हुई है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मिला, लेकिन बाद में उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया. अनंत सिंह ने कहा कि इसी वजह से लोगों में नाराजगी है और अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते तो बांकीपुर का नतीजा ऐसा नहीं आता.
अनंत सिंह ने कहा कि जनता में यह बात फैल गई है कि नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मिला, लेकिन उनको हटा दिया गया. यह गलत हुआ. जनता यह समझ रही है कि जिस तरीके से हटाया गया, बैठाया गया, वह गलत हुआ.उन्होंने साफ किया कि हकीकत में नीतीश कुमार ने खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ा है, लेकिन जनता के बीच इस फैसले को लेकर अलग धारणा बनी हुई है.
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत पर अनंत सिंह ने कहा कि चुनाव में जनता ही मालिक होती है. उन्होंने कहा, “जिनको जनता ने वोट किया, वह जीते हैं. जिनको वोट नहीं किया, वह हार गए. सीधी बात है, जनता मालिक होती है और जनता ही फैसला लेती है.” उन्होंने प्रशांत किशोर की जीत को भी इसी जनादेश का परिणाम बताया.
