लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने बिहार में अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विधायक आलोक सिंह को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की. इसके साथ ही प्रशांत पंकज और सुभाष चंद्रवंशी को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और हिमांशु पटेल को प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी के भविष्य और राजनीतिक दिशा को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं.
उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधाराएं पूरी तरह एक जैसी नहीं हैं, लेकिन व्यापक राजनीतिक और सामाजिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए गठबंधन की राजनीति जरूरी होती है. कुशवाहा ने कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न विचारधाराओं वाले दल भी साझा लक्ष्यों के लिए एक साथ काम करते हैं और यही गठबंधन की मूल भावना है.
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ गठबंधन में बना रहेगा. उनके इस बयान को बिहार की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है. हाल के दिनों में गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों के बीच कुशवाहा ने पार्टी की स्थिति स्पष्ट कर दी है. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन को लेकर भी जानकारी दी.
