लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: लुधियाना में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। छपरा जंक्शन पर रात में ट्रेन से उतरने के बाद टेंपो से घर जा रहे परिवार के वाहन को मंगलवार की रात गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के समीप ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।
छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर हुए इस भीषण हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी दो वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में चालक और खलासी समेत छह लोग सवार थे। सभी लुधियाना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद रात में छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरे और टेंपो से अपने घर के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान भैंसमारा के समीप ट्रक की चपेट में आने से टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।हादसे में परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार की 21 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी और उनके नौ माह के पुत्र ऋषभ कुमार की मौत हो गई। मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
