लाइव सिटीज, पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 2 नवंबर को भागलपुर के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे. इस दौरान वे पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान में मुख्य रूप से शिरकत करेंगे.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की पुष्टि करते हुए भारतीय जनता पार्टी के भागलपुर जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि नितिन नवीन पार्टी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा कार्यक्रम में भाग लेंगे.
जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे और पदयात्रा कार्यक्रम को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई गई है.इस बैठक में जिले भर से पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रमुख नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी तथा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तय की जाएगी.
जिला अध्यक्ष ने बताया कि भागलपुर जिला भाजपा इकाई की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष को जिले में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष आमंत्रण भेजा गया था.उन्होंने जिला इकाई के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की अपनी आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
