लाइव सिटीज, सुपौल: सुपौल जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. पूर्व मध्य रेलवे के तहत चल रही गतिशक्ति परियोजना के अंतर्गत सुपौल रेलवे स्टेशन का नया मॉडर्न बिल्डिंग तेजी से तैयार किया जा रहा है. मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) नीरज कुमार ने स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा में सभी लंबित कार्य पूरे करने के कड़े निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान सीएओ ने निर्माणाधीन स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया और फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का जायजा लिया. उन्होंने विशेष रूप से यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा. साथ ही स्टेशन परिसर के दोनों ओर व्यवस्थित पार्किंग स्टैंड विकसित करने का निर्देश दिया, जिससे जाम की समस्या से राहत मिल सके
इसके अलावा दक्षिणी हटखोला रोड की ओर से नए एंट्री गेट के निर्माण और मिट्टी भराई का निर्देश भी दिया गया, जिससे स्टेशन तक पहुंच आसान होगी और भीड़भाड़ कम होगी. स्टेशन परिसर में अट्रैक्टिव ‘सुपौल’ साइनेज और सौंदर्यीकरण कार्य को भी जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया.
