लाइव सिटीज, पटना: पटना जिले में कर्मा-धर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान बुधवार को कई दर्दनाक हादसे हुए। बाढ़ अनुमंडल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गंगा नदी में कुल 11 लोगों के डूबने की सूचना है। इनमें से चार लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। वहीं छह लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोर जुटे हुए हैं।
बाढ़ में दो किशोर गंगा में डूबे
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर कर्मा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो किशोर गहरे पानी में चले गए।
लापता किशोरों की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी 10 वर्षीय पीयूष कुमार और 15 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि मूर्ति विसर्जन के बाद कुछ युवक गंगा में स्नान करने लगे थे। इसी दौरान पानी की गहराई में जाने से हादसा हो गया। दोनों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ SDRF की टीम को लगाया गया है।
अथमलगोला में भाई-बहन लापता
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर 9 में भी कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां एक भाई और बहन गंगा में डूब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और SDRF की मदद से दोनों की तलाश की जा रही है।
बख्तियारपुर में छह डूबे, एक की मौत
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर/देदौर गांव के पास कर्मा पूजा की सामग्री विसर्जित करने के दौरान छह लोग पानी में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान साहिल कुमार, पिता रामेश्वर मोची, का शव बरामद किया गया। वहीं गोलू कुमार और बलवीर कुमार की तलाश जारी है। पुलिस और बचाव दल लापता लोगों को खोजने में जुटे हैं।
11 डूबे, चार सुरक्षित, छह लापता
अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर देखें तो बाढ़ अनुमंडल में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान 11 लोग पानी में डूबे। इनमें चार को बचा लिया गया, एक की मौत हो चुकी है और छह अभी लापता हैं। प्रशासन की ओर से लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद संबंधित गांवों और घाटों पर मातम का माहौल है। लापता लोगों के परिजन गंगा किनारे पहुंचकर अपने परिजनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। रेस्क्यू टीम नदी में लगातार खोजबीन कर रही है।
