लाइव सिटीज, आरा: शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से नाराज उनकी मां आशा देवी शुक्रवार को सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठ गईं. इस दौरान वह अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतल भी लेकर पहुंचीं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो वह पेट्रोल डालकर आत्मदाह कर लेंगी. उनके इस कदम के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया.
बताया जाता है कि शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में गत 17 जून को भरत तिवारी एनकाउंटर की घटना हुई थी. इस मामले में अब तक न्याय नहीं मिलने से परिवार के सदस्यों में नाराजगी है. आशा देवी का कहना है कि घटना के पांच महीने बीत जाने के बाद भी परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. इसी से आहत होकर उन्होंने सरकार के खिलाफ अनशन शुरू किया है.
वहीं, भरत तिवारी की भाभी सुमन देवी ने भी मामले में अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देकर बुलाया गया था, लेकिन अब तक इंसाफ नहीं मिला. उन्होंने आरोप लगाया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी परिवार का इस्तेमाल किया गया. इसके बावजूद न्याय की मांग पूरी नहीं हुई.
