लाइव सिटीज, कटिहार: कटिहार जिले में सड़क और पुल निर्माण कार्य में घोर लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. देर रात पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरा. इस दुर्घटना में वाहन पर सवार पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जबकि सांसद पप्पू यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं
मिली जानकारी के अनुसार, सांसद पप्पू यादव पूर्णिया से कटिहार के सालमारी में आयोजित एक मुशायरा कार्यक्रम में शिरकत करने जा रहे थे. इसी दौरान हलधरपुर-कोचरखाली बड़ी पुल के पास उनका एस्कॉर्ट वाहन हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायल सुरक्षाकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर पिछले लगभग तीन वर्षों से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की गई है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल और सड़क किनारे गहरी खाई होने के बावजूद एजेंसी द्वारा न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही वाहन चालकों को आगाह करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक लगाए गए हैं.
कटिहार में पप्पू यादव के सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान ने बेलौरी-सालमारी मुख्य सड़क की बदहाली और निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को इस दुर्घटना का मुख्य कारण बताया है. उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय से ही यह मार्ग क्षतिग्रस्त पड़ा है और निर्माण स्थल पर उचित डायवर्जन व अवरोधक तक नहीं हैं, जिसके लिए संबंधित ठेकेदार, कार्यपालक अभियंता और एसडीओ की जवाबदेही तय की जानी चाहिए.
