HomeBiharनिशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने की मांग पर विजय चौधरी का...

निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाने की मांग पर विजय चौधरी का बड़ा बयान, बोले- सरकार में बड़ा पद मिला तो आश्चर्य नहीं!

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में इन दिनों निशांत कुमार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन्हें राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी देने और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। विजय चौधरी ने निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि अगर उन्हें सरकार में कोई बड़ा पद मिलता है तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होगी। उनके इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है।

मंगलवार (17 नवंबर 2026) को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान विजय चौधरी से निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने की मांग को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि निशांत कुमार सबकी इच्छा से आगे बढ़ रहे हैं। पार्टी के हर नेता और कार्यकर्ता की इच्छा है कि निशांत कुमार आगे बढ़ें और पार्टी को मजबूती प्रदान करें।

विजय चौधरी ने आगे कहा कि अगर निशांत कुमार सरकार में कोई बड़ा पद संभालते हैं तो इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं होनी चाहिए। उनके इस बयान को निशांत कुमार को भविष्य में बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी मिलने की संभावना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, विजय चौधरी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा या सरकार में कोई दूसरी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।

विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री की सभा को ऐतिहासिक बताते हुए बिहार के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

इसके अलावा उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में उनके नाम पर पुल का नाम रखा जाना उनके कार्यों और योगदान को सम्मान देने जैसा है।

फिलहाल निशांत कुमार को लेकर जेडीयू नेताओं के बयानों ने बिहार की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। विजय चौधरी ने बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया है, लेकिन निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने पर अंतिम फैसला कब और क्या होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home