HomeBiharछठ की खुशियों पर टूटा दुखों का पहाड़! नेपाल में 700 मीटर...

छठ की खुशियों पर टूटा दुखों का पहाड़! नेपाल में 700 मीटर गहरी खाई में गिरी वैन, 10 लोगों की मौत

लाइव सिटीज, पटना: छठ पर्व पर अपने घर लौट रहे लोगों के साथ नेपाल में बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह काठमांडू से सर्लाही जा रही एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह दुर्घटना भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानीगढ़ी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, मधेस प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन गुरुवार सुबह करीब 6:10 बजे काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान चिसापानीगढ़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना गंभीर था कि वैन में सवार 10 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, दो बच्चियां और पांच पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में अधिकतर सर्लाही जिले के रहने वाले थे। हालांकि, हादसे के काफी देर बाद तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला पुलिस कार्यालय मकवानपुर के पुलिस अधीक्षक श्याम खत्री सहित नेपाल पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला।हादसे में घायल तीनों लोगों को इलाज के लिए हेटौंडा अस्पताल पहुंचाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर हेटौंडा लाया जा रहा है।


RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home