लाइव सिटीज, पटना: बिहार का महापर्व छठ पूजा की तैयारी तेज हो गयी है. प्रत्येक साल की तरह इस बार भी लोक आस्था का महापर्व छठ केवल घरों और सार्वजनिक घाटों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसकी आस्था की झलक जेल की चहारदीवारी के भीतर भी देखने को मिलेगी.
मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा (सेंट्रल जेल) में छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं. यहां कैदी भी पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करेंगे. इस वर्ष जेल में कुल 98 सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला एवं पुरुष बंदी छठ व्रत रखेंगे.
व्रत रखने वालों में 51 महिला और 47 पुरुष बंदी शामिल हैं. खास बात यह है कि व्रत रखने वालों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल हैं. जेल में आयोजित होने वाली छठ पूजा महापर्व की व्यापक आस्था और सामाजिक सौहार्द की झलक पेश करती है
बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन और कारा प्रशासन की ओर से इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक बेहतर, भव्य और आकर्षक व्यवस्था की जा रही है. जेल परिसर स्थित छठ घाट की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जा रहा है. घाट को आकर्षक बनाने के लिए केले के पेड़, रंग-बिरंगे गुब्बारे, फूल-मालाओं, झालरों और रंगीन रोशनी से सजाया जा रहा है.
