लाइव सिटीज, आरा: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रामडीहरा गांव में सूर्य मंदिर के पास दीपावली की पूजा के बाद कुछ लोग वहां छठ पूजा के गीत बजा रहे थे. इसी दौरान स्कॉर्पियो से पहुंचे करीब 10 लोगों ने गाना बंद करने को कहा. स्कॉर्पियो सवार लोग शराब के नशे में थे. गाना बंद कराने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई.
इसके बाद वाहन सवार लोग स्कॉर्पियो में बैठकर पीछे की ओर गए और तेज रफ्तार से वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया. इस घटना के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिला प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जान गंवाने वाले दोनों भाइयों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये देने और सभी घायलों का बेहतर इलाज कराने को कहा है.
इस घटना में रामडीहरा गांव के रहने वाले रामनरेश यादव के दो बेटों की जान चली गई. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय दिनेश यादव और 50 वर्षीय कमलेश यादव के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई थे.
घटना में राजेश कुमार, रितु कुमार, कृष्णा कुमार और रमेश यादव समेत छह लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. दिनेश यादव के बेटे ने आरोप लगाया कि उनके पिता और चाचा की जान जानबूझकर ली गई है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए घटना पर दुख जताया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. मुख्यमंत्री ने दोनों मृतकों के निकटतम परिजनों को अनुग्रह अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये देने का निर्देश दिया है. साथ ही अधिकारियों से सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराने को कहा है.
सम्राट चौधरी ने जिला प्रशासन को घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इस मामले में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
