लाइव सिटीज, पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम कर रहे थे. यहां वह केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के खिलाफ बोल रहे थे. इसी बीच एक शख्स ने कहा कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं. उस शख्स की बात पर खड़गे ने जो बोला उसे लेकर विवाद मचा हुआ है.
खड़गे ने कहा कि मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा. इसके बाद वहां कार्यक्रम में शामिल अन्य लोगों ने उस शख्स की पिटाई कर दी. अब उस शख्स ने अपनी सफाई दी है और बताया की उसकी बात को गलत तरीके से समझा गया
बताया जा रहा है कि जिस शख्स को लोगों ने उसकी बातों को समझे बिना पीटा वह कांग्रेस का ही कार्यकर्ता था. खड़गे की सभा में छपरा से आये संतोष कुमार ने सभागार से हटाए जाने के बाद कहा कि कांग्रेस के लोगों ने उन्हें बीजेपी का आदमी समझ लिया. संतोष ने अपनी पूरी बात भी बताई और कहा कि उसके कहने का मतलब यह था कि ज़ब तक देश में विद्रोह नहीं होगा तब तक मोदी सरकार नहीं जाएगी.
इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट लिखकर कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी है. उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी या उनके परिवार को अपशब्द कहा हो. कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है.
अमित शाह के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित चिराग पासवान और एनडीए के अन्य नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर नाराजगी जताई है.
