HomeBiharसीवान पटाखा फैक्ट्री ब्लास्टः इमारत बनी मलबा, 5 की मौत, चश्मदीद बोले-...

सीवान पटाखा फैक्ट्री ब्लास्टः इमारत बनी मलबा, 5 की मौत, चश्मदीद बोले- किसी का हाथ नहीं मिला, तो किसी का पैर गायब

लाइव सिटीज, सीवान: सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर में हुए भीषण विस्फोट के बाद तबाही का मंजर सामने आया है. विस्फोट से क्षतिग्रस्त मकान के मलबे और आसपास के इलाके से जिला प्रशासन ने पांच शव बरामद किए हैं. मृतकों में मकान के गृहस्वामी अमीरुद्दीन मियां (65), खुशबू सिद्दीकी (13), मुस्कान सिद्दीकी (23), अरसद सिद्दीकी (8) और बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी राजकुमार सिंह (35) शामिल हैं. हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है.

विस्फोट में जान गंवाने वालों में आलमपुर निवासी स्वर्गीय इस्लाम मियां के 65 वर्षीय पुत्र और मकान के गृहस्वामी अमीरुद्दीन मियां शामिल हैं. वहीं, स्वर्गीय अयाद अहमद की 13 वर्षीय पुत्री खुशबू सिद्दीकी, आजाद अहमद की 23 वर्षीय पुत्री मुस्कान सिद्दीकी और फिरोज अहमद के आठ वर्षीय पुत्र अरसद सिद्दीकी की भी मौत हो गई. पांचवें मृतक की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी स्वर्गीय शंकर सिंह के 35 वर्षीय पुत्र राजकुमार सिंह के रूप में हुई है.

विस्फोट के कारण मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. भवन के और ढहने का खतरा, रुक-रुककर हो रहे विस्फोट और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव कार्य में बाधा आई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने रात करीब 10 बजे पांच शव बरामद करने के बाद रेस्क्यू अभियान रोक दिया.

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भारत सोनी ने जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस हादसे के कारणों, पटाखों के भंडारण और संभावित लापता लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home