लाइव सिटीज, बांका: बांका जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक सिरफिरे आशिक के खतरनाक कदम से पूरे पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है. शादी से इंकार किए जाने से नाराज झारखंड का रहने वाला एक युवक 1 लाख 32 हजार वोल्ट (1.32 KV) क्षमता वाले हाई-टेंशन बिजली के विशाल टावर पर जा चढ़ा.
पिछले 12 घंटे से भी अधिक समय से जारी इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को सुलझाने और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में पुलिस व प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं. मौके पर रोती-बिलखती प्रेमिका की गुहार भी इस कलयुगी मजनू का दिल नहीं पिघला सकी है.
जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़े सिरफिरे युवक की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के पोरैयाहाट (पदमपुर) निवासी मनोज परिहार के रूप में हुई है. मनोज का बांका के फुल्लीडुमर प्रखंड की एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था. जब युवती और उसके परिजनों की ओर से शादी से इंकार हुआ, तो मनोज ने जान जोखिम में डालते हुए मुढ़हारा रेलवे स्टेशन के पास स्थित 1.32 लाख वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़कर ड्रामा शुरू कर दिया
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया. बांका के एसडीओ (SDO), एसडीपीओ (SDPO), सीओ (CO), स्थानीय थानाध्यक्ष और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है. पुलिस प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक की प्रेमिका को भी मौके पर बुलाया. युवती ने माइक पर रो-रोकर मनोज से नीचे उतरने की मिन्नतें कीं. कहती रही- प्लीज नीचे उतर जाओ मेरे लिए. लेकिन सिरफिरे आशिक पर कोई असर नहीं पड़ा.
