लाइव सिटीज, बेगूसराय: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में बिहार कनेक्शन सामने आया है. मामले के एक आरोपी की पहचान ऋतिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में हुई है. वो बिहार के बेगूसराय जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक राजस्थान के कोटा में तीनों आरोपियों को पकड़ा गया है.
जानकारी के मुताबिक ऋतिक कुमार की उम्र 22 साल है. वह बेगूसराय जिले के पिपराई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. मुंबई में उसका पता अंधेरी वेस्ट इलाके में बताया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता है.
सूत्रों के मुताबिक तीनों आरोपी मुंबई से दिल्ली जा रहे थे. उन्हें कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के आसपास पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है. मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के बाद राजस्थान पुलिस अलर्ट हो गई थी. बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों को कोटा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर स्थित पुलिस अन्वेषण भवन में रखा गया है. परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बैरिकेडिंग की गई है. मीडिया की एंट्री भी बंद कर दी गई है.
