लाइव सिटीज, मोकामा: पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता और कानून के उल्लंघन का मामला सामने आया है. इस मामले में स्थानीय बाहुबली विधायक अनंत सिंह और जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से इलाके की राजनीति में हड़कंप मच गया है.
मोकामा विधायक के रोड शो और ‘जन अधिकार यात्रा’ के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी. अनुमति पत्र में केवल 10 गाड़ियों के इस्तेमाल की इजाजत दी गई थी. लेकिन धरातल पर नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं. बाढ़ में रोड शो के दौरान 15 से ज्यादा जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल कर फूलों की वर्षा कराई गई. इस सिलसिले में विधायक के रिश्तेदार कर्मवीर सिंह पर भी नामजद मामला दर्ज हुआ है.
रोड शो के दौरान प्रशासनिक नियमों और चुनाव आचार संहिता की गंभीर अनदेखी की गई थी. इसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया. इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं. बाढ़ थाना क्षेत्र में कुल दो मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें एक मामला थाने के दरोगा के बयान पर और दूसरा अंचलाधिकारी के बयान पर दर्ज हुआ है.
वहीं, मोकामा थाना क्षेत्र में भी अंचलाधिकारी ने आचार संहिता उल्लंघन का एक मामला दर्ज करवाया है. इस तरह बाढ़ और मोकामा थाने को मिलाकर कुल 3 मामले दर्ज किए गए हैं.
