लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर स्थित महवल में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 140.95 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘मेगा लेदर, फुटवियर एंड एक्सेसरीज क्लस्टर’ का विधिवत उद्घाटन किया।बेला के बाद मुजफ्फरपुर जिले में यह दूसरा बड़ा लेदर क्लस्टर है। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्क और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का भ्रमण किया तथा औद्योगिक इकाइयों को शेड व भूमि आवंटन पत्र भी सौंपे।
इस मेगा लेदर क्लस्टर के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग 3 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही ‘प्लग एंड प्ले’ इंडस्ट्रियल बिल्डिंग में स्थापित आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लेदर व फुटवियर डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
परियोजना की सबसे प्रमुख विशेषताओं में शामिल ‘कॉमन फैसिलिटी सेंटर’ (CFC) छोटे और मझोले उद्यमियों (MSMEs) के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा।इस केंद्र में अत्याधुनिक और महंगी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका उपयोग उद्यमी नाममात्र के शुल्क पर कर सकेंगे।
