लाइव सिटीज , मुंगेर: मुंगेर में पदस्थापित योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की टीम भ्रष्टाचार और काली कमाई के मामले में बड़ा शिकंजा कसा है। ईओयू की ओर से जानकारी मिली जानकारी के अनुसार आय से अधिक सम्पति अर्जित करने के मामले में नारद कुमार दास के खिलाफ 7 अक्टूबर को अपराध इकाई थाना कांड संख्या-28/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद निगरानी की विशेष अदालत से अनुमति लेकर भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर के 5 विभिन्न ठिकानों पर गुरुवार 8 अक्टूबर की सुबह तलाशी की कार्रवाई की गई। डीएसपी के स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में छापेमारी की गई
ईओयू की ओर से एक्सक्यूटिव इंजीनियर योजना एवं विकास विभाग नारद कुमार दास के विरूद्ध ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कुल 83.53 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दष्टया साक्ष्य पाया गया, जो उनकी आय से लगभग 65 प्रतिशत अधिक है। इस क्रम में आज नारद कुमार दास के हनुमान पथ तिलकामांझी भागलपुर, बेलन बाजार बंगाली टोला थाना-कासिम बाजार मुंगेर, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमण्डल मुंगेर का सरकारी कार्यालय 4 फ्लैट सं0 2F, राधिका अपार्टमेंट नया टोला, काजी मोहम्मदपुर मुजफ्फपुर और 05 कुसुमपुरम मुहल्ला थाना-रूपसपुर जिला-पटना स्थित आवास-ठिकानों में अलग-अलग टीम की ओर से तलाशी की कार्रवाई प्रारम्भ की गई है।
इन ठिकानों पर ईओयू की कार्रवाई
- भागलपुर: हनुमान पथ, तिलकामांझी स्थित आवास।
- मुंगेर: बेलन बाजार, बंगाली टोला (थाना- कासिम बाजार) स्थित ठिकाना।
- मुंगेर: स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल का सरकारी कार्यालय।
- मुजफ्फरपुर: नया टोला (काजी मोहम्मदपुर) स्थित ‘राधिका अपार्टमेंट’ का फ्लैट नंबर 2F।
- पटना: रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम मोहल्ला स्थित आवास।
मुजफ्फरपुर स्थित ठिकाने से 50 लाख जब्त
ईओयू से मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर स्थित ठिकाने से करीब 50 लाख जब्त किए गए है। नोट गिनने के लिए जांच अधिकारियों की ओर से मशीन मंगाए गए है।
