लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट पर जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने आज नामांकन दाखिल कर दिया। नीरज कुमार के नामांकन को लेकर केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने कहा कि जब कोई प्रत्याशी है तो नामांकन दाखिल करने में क्या दिक्कत है। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार प्रत्याशी हैं और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
नीरज कुमार के नामांकन को लेकर जब ललन सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब कोई प्रत्याशी है तो उसके नामांकन दाखिल करने में परेशानी क्या है। नीरज कुमार पार्टी के प्रत्याशी हैं और उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया है। ललन सिंह ने इस मुद्दे पर किसी तरह के विवाद की बात को ज्यादा तवज्जो नहीं दी।
संजय झा के फोन के बाद अनंत सिंह से हुई बात
ललन सिंह ने बताया कि जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उनसे फोन पर बात की थी। इसके बाद उन्होंने अनंत सिंह से बातचीत की। इस बातचीत में अनंत सिंह ने अपने मन में मौजूद कई शिकायतें और पुराने घटनाक्रम उनके सामने रखे।
अनंत सिंह ने ललन सिंह से कहा कि जब बिहार सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, तब जेडीयू के कई नेताओं ने उनसे सरकार के समर्थन की अपील की थी। उन्होंने नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और विश्वास की वजह से सरकार का समर्थन किया था। अनंत सिंह का कहना था कि वह चाहते थे कि नीतीश कुमार की सरकार बनी रहे और बिहार में विकास का काम चलता रहे।
नीतीश कुमार ने ही मोकामा से चुनाव लड़ने को कहा था- ललन सिंह
ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह ने उन्हें बताया कि सरकार के समर्थन के बाद जब वह नीतीश कुमार से मिले थे, तब नीतीश कुमार ने उन्हें मोकामा से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा था। ललन सिंह ने कहा कि इस बात के संजय झा समेत कई नेता गवाह हैं। इसके बाद अनंत सिंह नीतीश कुमार की सलाह पर चुनाव मैदान में उतरे।
‘क्रिया होगी तो प्रतिक्रिया भी होगी’
ललन सिंह ने कहा कि चुनाव लड़ने के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ काफी दुष्प्रचार हुआ। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर कोई क्रिया हुई है तो उसकी प्रतिक्रिया भी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ताली एक हाथ से नहीं बजती।ललन सिंह ने माना कि जब अनंत सिंह के खिलाफ कथित तौर पर प्रचार और दुष्प्रचार हो रहा था, उस समय पार्टी की ओर से कार्रवाई होनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश स्तर पर पार्टी से चूक हुई।
अनंत सिंह की शिकायत- नीरज ने मेरे लिए वोट नहीं मांगा
ललन सिंह के अनुसार, अनंत सिंह ने पार्टी की एक बैठक में भी अपनी शिकायत रखी थी। उनका सवाल था कि नीरज कुमार से पूछा जाए कि क्या उन्होंने उनके खिलाफ चुनाव प्रचार किया था? क्या उन्होंने उनके खिलाफ बयान दिए थे? क्या उनके विरोधियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ अभियान चलाया था?
अनंत सिंह का आरोप था कि बैठक में इन सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उनका कहना था कि अगर नीरज कुमार ने उनके लिए वोट नहीं मांगा तो वह भी नीरज कुमार के लिए वोट की अपील नहीं करेंगे।
अनंत सिंह बोले- पार्टी अनुशासन का पालन नहीं हुआ
ललन सिंह ने बताया कि अनंत सिंह की शिकायत का एक बड़ा हिस्सा पार्टी अनुशासन से जुड़ा है। उनका कहना था कि जब नीतीश कुमार ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा था और उनके खिलाफ अभियान चलाया गया, तब पार्टी को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए थी। अनंत सिंह को शिकायत है कि उस समय उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई।
अनंत सिंह से ललन सिंह ने क्या कहा?
ललन सिंह ने बताया कि उन्होंने अनंत सिंह से बातचीत के दौरान आग्रह किया कि अब वह नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करें। उनका कहना था कि ऐसी बयानबाजी से पार्टी को नुकसान हो सकता है।ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह ने उनकी बात मान ली है और कहा है कि वह अब सार्वजनिक तौर पर नीरज कुमार के खिलाफ बयान नहीं देंगे। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि वह पार्टी के साथ हैं, पार्टी के साथ थे और आगे भी पार्टी के साथ रहेंगे।
खुद को हराने की कोशिश के आरोप पर ललन सिंह ने क्या कहा?
जब ललन सिंह से यह सवाल किया गया कि अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज कुमार ने उन्हें ही नहीं, बल्कि ललन सिंह को भी चुनाव में हराने की कोशिश की थी, तो उन्होंने इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की।ललन सिंह ने कहा कि वह इन बातों में नहीं पड़ते। जब वह चुनाव लड़ते हैं तो अपना काम करते हैं और इस बात पर ध्यान नहीं देते कि उनके खिलाफ कौन क्या बोल रहा है।
हालांकि, उन्होंने अनंत सिंह के खिलाफ चले अभियान के संदर्भ में यह जरूर कहा कि अगर पहले कोई कार्रवाई हुई है तो उसकी प्रतिक्रिया भी हो सकती है। पूरे विवाद के बीच फिलहाल ललन सिंह ने अनंत सिंह को सार्वजनिक बयानबाजी से दूर रहने के लिए मना लिया है। लेकिन पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का खुला विरोध जेडीयू के लिए अब भी बड़ी राजनीतिक चुनौती बना हुआ है।
