HomeBiharकटिहार में वकील की दिनदहाड़े हत्या, पहले चाकू से हमला फिर सिर...

कटिहार में वकील की दिनदहाड़े हत्या, पहले चाकू से हमला फिर सिर में मारी गोली; जमीन विवाद से जुड़ रही वारदात की कड़ी

लाइव सिटीज, कटिहार: नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के समीप कटिहार व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को दिनदहाड़े निशाना बनाया गया। वह अपने रोजितपुर स्थित घर से करीब 10 बजे कोर्ट जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पटेल चौक के पास अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले अधिवक्ता को घेरा और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू से उन पर कई वार किए गए। हमले में वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद अपराधियों ने उनके सिर/कनपटी के पास गोली मार दी। घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। वारदात इतनी अचानक हुई कि बाजार में मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो भी सामने आया

इस सनसनीखेज हत्या से जुड़ा कथित वीडियो सामने आया है। फुटेज में कुछ लोगों को अधिवक्ता को घेरते हुए देखा जा रहा है। पुलिस अब इसी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों के आने और भागने का पूरा रास्ता पता लगाया जा सके।

जमीन विवाद से जुड़ रही हत्या की वजह

अधिवक्ता की हत्या के पीछे पुराना विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। सामने आई जानकारी के अनुसार, गुड्डू अंसारी की बहन का हरिगंज चौक इलाके में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में नगर थाना में केस दर्ज होने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि गुड्डू अंसारी इस विवाद में अपनी बहन का साथ दे रहे थे।

परिजनों की ओर से यह भी दावा किया गया है कि करीब दो-तीन महीने पहले विवाद को लेकर गुड्डू अंसारी की कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। इसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने की बात भी सामने आई है। परिवार को आशंका है कि उसी पुरानी रंजिश के कारण उनकी हत्या की गई।

हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह के तौर पर जमीन विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश

वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। सदर डीएसपी विशाल आनंद ने मामले की जांच किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है और सामने आए वीडियो की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे, हमलावर किस रास्ते से आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

परिवार का कानून के पेशे से पुराना नाता

गुड्डू अंसारी कटिहार व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के तौर पर प्रैक्टिस करते थे। बताया गया है कि उनके पिता भी अधिवक्ता रहे हैं और उनकी बहन भी वकालत के पेशे से जुड़ी हैं। ऐसे में दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की हत्या की खबर फैलते ही न्यायिक और अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी का माहौल बन गया अधिवक्ताओं ने हत्याकांड में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, परिवार भी इस घटना से गहरे सदमे में है। गुड्डू अंसारी के दो छोटे बच्चे होने की जानकारी सामने आई है।

व्यस्त बाजार में हत्या से सुरक्षा पर सवाल

पटेल चौक कटिहार का व्यस्त इलाका माना जाता है। दिन के समय बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे स्थान पर अधिवक्ता को घेरकर चाकू से हमला करने और फिर गोली मारने की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना है। सीसीटीवी फुटेज, कथित वारदात के वीडियो, परिजनों के बयान और पुराने विवाद से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि गुड्डू अंसारी की हत्या की पूरी साजिश किसने रची और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments