लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर में चलती ट्रेन से मोबाइल झपटना एक शातिर चोर को बेहद महंगा साबित हुआ. मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान यात्रियों की सतर्कता से चोर खिड़की में ही उलझ गया और चलती ट्रेन के बाहर कई किलोमीटर तक हवा में झूलता रहा. इस अजीबोगरीब और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13401/13402) में हुई. जैसे ही ट्रेन भागलपुर जंक्शन से रवाना होकर प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी, घात लगाए बैठे एक शातिर चोर ने खिड़की के पास बैठे यात्री के हाथ से मोबाइल झपटने का प्रयास किया. यात्री की मुस्तैदी और कोच में मौजूद अन्य यात्रियों की सूझबूझ से चोर का हाथ तुरंत अंदर से मजबूती से दबोच लिया गया. इसी दौरान ट्रेन प्लेटफॉर्म छोड़ चुकी थी और उसने रफ्तार पकड़ ली.
हाथ पकड़े जाने के बाद चोर ट्रेन की खिड़की के बाहर हवा में लटक गया. करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती ट्रेन में लटके चोर की चीख-पुकार सुनकर पूरे बोगी में अफरा-तफरी मच गई.वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर अपनी जान बचाने के लिए बार-बार “हाथ छोड़ दो” की गुहार लगा रहा था, जबकि यात्री ट्रेन के किसी स्टेशन पर धीमा होने का इंतजार कर रहे थे ताकि उसे सुरक्षित जीआरपी (GRP) के हवाले किया जा सके.
