HomeBiharमुंगेर के इंजीनियर कॉलेज में बिगड़ी 50 से ज्यादा छात्रों की तबीयत,...

मुंगेर के इंजीनियर कॉलेज में बिगड़ी 50 से ज्यादा छात्रों की तबीयत, 25 को कराया गया भर्ती

लाइव सिटीज, मुंगेर: मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दोपहर बाद अचानक बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और कॉलेज कर्मियों की तबीयत बिगड़ने लगी. किसी को पेट में तेज दर्द हुआ तो किसी को उल्टी और सिरदर्द की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते बीमार छात्रों और कर्मचारियों को एंबुलेंस से मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया जाने लगा. देर रात तक अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.

सदर अस्पताल की इमरजेंसी में करीब 25 छात्र-छात्राओं का इलाज चल रहा था. वहीं कॉलेज कर्मियों के मुताबिक करीब 50 छात्र और कर्मचारी प्रभावित हुए हैं. अचानक इतने मरीजों के पहुंचने से अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भी अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम सभी मरीजों के इलाज में जुटी रही.

इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. फैजुद्दीन ने बताया कि अब तक करीब 25 छात्र-छात्राओं का उपचार किया जा रहा है. अधिकांश मरीजों में पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत मिली है. चिकित्सकों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है और फिलहाल उनकी हालत नियंत्रण में बताई जा रही है.

घटना की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. हालांकि, कॉलेज परिसर में 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हुआ था. बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान कुछ लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया था. इसके अगले दिन कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई. इसी वजह से शुरुआती तौर पर प्रसाद को फूड पॉइजनिंग की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, कॉलेज प्रबंधन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments