लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को तालाब में नहाने के दौरान दो नाबालिग छात्रों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सदानंदपुर पंचायत के कवैया टोला स्थित तालाब में हुआ। दोनों छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद अपने दो अन्य दोस्तों के साथ तालाब पर पहुंचे थे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान नंदलालपुर हरिजन टोला निवासी गिरिराज दास के 15 वर्षीय बेटे विभीषण कुमार और सुनील दास के 12 वर्षीय बेटे मनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे मध्य विद्यालय कामत टोला में पढ़ते थे।जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद चार बच्चे कवैया टोला स्थित तालाब के पास पहुंचे थे। इसके बाद सभी नहाने के लिए पानी में उतर गए। नहाने के दौरान दो बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि विभीषण और मनीष गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे।दोनों को डूबता देखकर बाहर निकले बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तालाब की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दोनों छात्रों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दो बच्चों की एक साथ मौत से नंदलालपुर हरिजन टोला में मातम पसरा हुआ है।घटना की सूचना मिलने के बाद कहलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से भी जानकारी ली
