HomeBiharराशन दुकानदारों की समस्याओं को लेकर तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी को...

राशन दुकानदारों की समस्याओं को लेकर तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी को पत्र, गुजरात मॉडल का दिया उदाहरण

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत काम करने वाले विक्रेताओं की समस्याओं को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पीडीएस विक्रेताओं की आर्थिक और प्रशासनिक परेशानियों का समाधान करने की मांग की है।

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में गुजरात का उदाहरण देते हुए बिहार के पीडीएस विक्रेताओं को भी कम से कम 30 हजार रुपये का निश्चित मासिक मानदेय देने की मांग रखी है। उनका कहना है कि राशन दुकानदार सरकारी खाद्यान्न व्यवस्था को अंतिम लाभुक तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई स्तरों पर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

लंबे समय से कमीशन भुगतान में देरी का मुद्दा

तेजस्वी ने पत्र में पीडीएस विक्रेताओं के लंबित कमीशन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से बकाया कमीशन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है। उनके मुताबिक, भुगतान में लगातार देरी होने से राशन दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले पीडीएस विक्रेताओं के कमीशन में 47 रुपये की वृद्धि की घोषणा की गई थी। यदि बढ़ी हुई राशि का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है तो उसे तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए बकाया राशि भी दी जानी चाहिए।

अनुकंपा नियुक्ति और प्रशासनिक दबाव का भी मुद्दा

राजद नेता ने पीडीएस विक्रेताओं के आश्रितों के लिए अनुकंपा नियुक्ति के प्रावधान में भी बदलाव की मांग की। उन्होंने झारखंड की व्यवस्था का हवाला देते हुए पात्र आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति का अवसर देने की बात कही।इसके साथ ही उन्होंने राशन दुकानदारों पर अनावश्यक प्रशासनिक दबाव और दंडात्मक कार्रवाई को रोकने की मांग की। उनका कहना है कि तकनीकी या प्रशासनिक खामियों का पूरा भार पीडीएस विक्रेताओं पर डालना उचित नहीं है।

ई-पॉस मशीन और सर्वर की समस्या का समाधान

तेजस्वी यादव ने ई-पॉस मशीन, सर्वर, माप-तौल और घटतौली से जुड़ी शिकायतों का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार से ऐसी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि इसका असर न तो राशन दुकानदारों पर पड़े और न ही गरीब लाभुकों को परेशानी हो।उन्होंने बिहार राज्य खाद्य निगम के गोदामों से जुड़ी कथित अनियमितताओं और घटतौली की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की मांग भी की है।

सरकार और पीडीएस प्रतिनिधियों के बीच बैठक की मांग

तेजस्वी ने पीडीएस विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार, विभागीय अधिकारियों और फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के बीच नियमित बैठक कराने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि बातचीत के जरिए समस्याओं की पहचान कर समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जाना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पीडीएस विक्रेताओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है। उनका पत्र ऐसे समय सामने आया है, जब राशन दुकानदार लंबे समय से मानदेय, कमीशन और प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अपनी मांगें उठाते रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments