लाइव सिटीज, मोतिहारी: पूर्वी चंपारण में सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. चकिया थाना क्षेत्र के बारा गोबिंद गांव निवासी 22 वर्षीय शिव कुमार और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी 29 वर्षीय पवन कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. हादसे में पवन कुमार के साथ बाइक पर सवार सरोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल सरोज कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
घटना घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर बनकट के समीप की. बताया जा रहा है कि हादसा बनकट बैरिया स्थित टाटा एजेंसी के पास हुआ. कार और दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल सरोज कुमार को सदर अस्पताल से रेफर किया गया.
परिजन के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले शिव कुमार, चकिया थाना क्षेत्र के बारा गोबिंद गांव के वार्ड नंबर 8 के रहने वाले थे. उनके पिता स्वर्गीय प्रसाद राम का पहले ही निधन हो चुका है. शिव कुमार की शादी महज चार महीने पहले 7 मई 2026 को खुशी कुमारी से हुई थी. शादी के बाद अभी परिवार ठीक से खुशियां भी नहीं मना पाया था.
बताया गया कि शिव कुमार तीन भाइयों में एक थे और तीनों भाइयों की शादी हो चुकी है. परिवार में चार बहनें भी हैं और चारों की शादी हो चुकी है. शिव कुमार की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. सबसे ज्यादा दुख उनकी नवविवाहिता पत्नी खुशी कुमारी को लेकर है. जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, उसी घर में अब मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
