HomeBiharपटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 62...

पटना के बिहटा में पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, 62 राउंड चली गोलियां; कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा इलाके में रविवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सोन नदी के परेव घाट के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 62 राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी के दौरान एक अपराधी घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम के भी जवान जख्मी हुए हैं। घायल अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।

नाविकों से रंगदारी की सूचना पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी के इलाके में कुछ अपराधी नाव से आने-जाने वाले नाविकों से कथित तौर पर रंगदारी वसूल रहे हैं। इसके अलावा इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले इसकी जांच की और जानकारी सही पाए जाने पर टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। पुलिस टीम जब परेव घाट के आसपास पहुंची तो संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने टीम को देखते ही गोली चलानी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

नदी में कूदकर भागने लगा बदमाश, पुलिस ने दबोचा

मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बावजूद उसने पुलिस से बचने की कोशिश की और सोन नदी में छलांग लगा दी। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और उसे नदी से पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवनीश कुमार के रूप में बताई गई है। पुलिस के अनुसार, वह पहले से कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है और काफी समय से पुलिस की नजर में था। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

40 राउंड बदमाशों ने, 22 राउंड पुलिस ने चलाई

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने जवाब में लगभग 22 राउंड गोलियां चलाईं। इस तरह दोनों तरफ से करीब 62 राउंड फायरिंग हुई।घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। नदी के आसपास मौजूद नावों और आने-जाने वाले रास्तों की भी जांच की गई, ताकि मौके से भागे संदिग्धों का पता लगाया जा सके।

पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल

अपराधियों की गोलीबारी में बिहटा थाना के सब-इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, थाना प्रभारी अमित कुमार को भी इस दौरान चोट लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

मौके से हथियार और कारतूस बरामद

मुठभेड़ खत्म होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान कई हथियार और कारतूस बरामद किए गए। बरामद सामान में देसी हथियारों के साथ राइफल और कार्बाइन भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब बरामद हथियारों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनका इस्तेमाल पहले हुई किसी आपराधिक वारदात में तो नहीं किया गया था।

AK-47 मामले से भी जुड़ा है गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अनीश कुमार का नाम पहले भी एक AK-47 से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके साथ जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में लगी हैं कि सोन नदी के इलाके में रंगदारी वसूली का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments