लाइव सिटीज, पूर्वी चंपारण: पड़ोसी देश नेपाल में हाल ही में आए भीषण जलप्रलय और भारी तबाही के बीच बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर प्रखंड से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. नेपाल की बाढ़ और उफनती नदियों के तेज सैलाब में आदापुर के लालाछपरा गांव के रहने वाले बुधन साह के परिवार के पांच सदस्य बह गए हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे लालाछपरा गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
बुधन साह अपने परिवार के साथ नेपाल के किसी क्षेत्र में रहते थे या वहां किसी कार्य से गए हुए थे. नेपाल में अचानक आए विकराल जलप्रलय के दौरान पानी का बहाव इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. बुधन साह की पत्नी, उनकी तीन बेटियां और एक नतनी इस भयंकर जलसैलाब की चपेट में आकर बह गईं. इस भयंकर आपदा की जानकारी खुद बुधन साह ने फोन के माध्यम से अपने भाई को दी, जिसके बाद परिवार और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर भी लोग चिंतित हैं. नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और वहां से छोड़े जा रहे पानी के कारण सीमावर्ती इलाकों में पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई है. अब इस प्रकार की मानवीय त्रासदी सामने आने के बाद सीमावर्ती गांवों के लोगों की धड़कनें और तेज हो गईं हैं. परिवार के अन्य लोग स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी से भी इस मामले की सुधि ले रहे हैं ताकि पीड़ित परिवार तक किसी भी प्रकार की संभव मदद पहुंचाई जा सके
