लाइव सिटीज, पटना:पटना में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और कई जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगी।
इस दौरान राजधानी के डाकबंगला चौराहे पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें निर्धारित सीमा के भीतर रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे। बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा और बढ़ा दी।
प्रदर्शनकारियों के मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने के प्रयास के चलते पटना की सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, प्रदर्शन के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
साथ ही प्रदर्शन के बीच एक अलग ही नजारा देखने के लिए मिला। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन से बौछार किया गया। वाटर कैनन का इस्तेमाल होते ही प्रदर्शनकारी डांस करने लगे। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारी तो शैम्पू लगातार नहाने लगे. इस पूरे वाकये से जुड़ा वीडियो वायरल हो रहा है।
