लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के कारण रेलवे ने बिहार और झारखंड आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है, उनमें आरा और भोजपुर से दिल्ली जाने वाली चार प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। इससे तेजस, राजधानी, मगध, संपूर्ण क्रांति और अमृत भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजनाएं बदलनी पड़ेंगी।
दोपहर 2 बजे के बाद चलने वाली ट्रेनें रद्द
रेलवे के एक आधिकारिक सर्कुलर में निर्देश दिया गया है कि आज दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन सभी मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को वहीं से रद्द कर दिया जाए, जिन्हें कल सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना है।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल के डीआरएम के आधिकारिक एक्स हैंडल से दी गई जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को पटना और आसपास के क्षेत्रों से चलकर 10 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचने वाली चार ट्रेनों को रद्द किया गया है
रांची से दिल्ली जाने वाली 12877 गरीब रथ, पटना से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस 09 अक्टूबर को रद्द कर दिया गया है। वाराणसी-नई दिल्ली शिवगंगा , 12581 सुपरफास्ट एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है
रेलवे के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली वे सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचना था। रेलवे अधिकारी ने बताया कि इस दौरान दोनों स्टेशनों से रवाना होने वाली ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें
