लाइव सिटीज, पटना: अंतरराष्ट्रीय फरक्का जल समझौते को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने इस मुद्दे पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पर तीखा हमला बोला है। लालू यादव ने संजय झा को राजनीति का ‘नौसिखिया’ बताते हुए उनके बयान पर सवाल खड़े किए।
लालू प्रसाद यादव ने कहा कि फरक्का बैराज से जुड़े मुद्दे को लेकर बिहार की चिंताओं को लंबे समय से उठाया जाता रहा है। उनके मुताबिक, इस विषय का असर बिहार की नदियों, जलप्रवाह और बाढ़ की स्थिति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आरजेडी ने फरक्का बैराज से जुड़े संभावित खतरों को पहले ही समझ लिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल स्थित फरक्का बैराज से बिहार को होने वाले नुकसान का अंदाजा उनकी पार्टी ने काफी पहले ही लगा लिया था। इसी वजह से संसद से लेकर सड़क तक आरजेडी ने हमेशा इस बैराज का मुखर विरोध किया।उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी दूरगामी मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया और संसद में फरक्का के मसले पर हमेशा चुप्पी साधे रखी।
आरजेडी सुप्रीमो ने जेडीयू नेतृत्व को सलाह दी कि वे बयान देने से पहले बिहार जल संसाधन विभाग के दस्तावेजों, गंगा में पानी की उपलब्धता के आंकड़ों और बांग्लादेश के साथ हुई संधि के प्रभावों का अध्ययन करें। साथ ही उन्होंने तत्कालीन सिंचाई मंत्री जगदानंद सिंह द्वारा केंद्र सरकार को लिखे गए पत्रों को पढ़ने की भी नसीहत दी।
