लाइव सिटीज, पटना: तेजस्वी यादव के एक बयान को लेकर बिहार की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है। एक सभा के दौरान तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई और उन्होंने दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी को श्रद्धांजलि दे दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर तेजस्वी यादव पर तंज कसा है।
उन्होंने लिखा कि, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल। लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा ही नहीं था। इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।”मांझी ने आगे लिखा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले समय में तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को भी जीते-जी श्रद्धांजलि दे सकते हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में कहा, “नशा कुछ भी करा सकता है।
वहीं, जीतन राम मांझी की इस टिप्पणी के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो और मांझी की प्रतिक्रिया को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, तेजस्वी यादव की ओर से इस टिप्पणी पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
