लाइव सिटीज, आरा: बिहार के भोजपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गए. इस दौरान खूनी संघर्ष में वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान भीखमपुर गांव निवासी गांधी सिंह के पुत्र अशोक सिंह (35) के रूप में हुई है। मारपीट में अशोक के दो चचेरे भतीजे भी घायल हो गए.
पूरी घटना चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव की है. अशोक सिंह अगिआंव प्रखंड की डिलिया पंचायत के वार्ड नंबर 11 के वार्ड सदस्य थे. बताया जाता है कि गांव में करीब छह महीने से दो पक्षों के बीच दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह समझौता कराने और मामले को सुलझाने की कोशिश के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए.
आरोप है कि दूसरे पक्ष के छह-सात लोगों ने अशोक सिंह और उनके साथ मौजूद लोगों को घेर लिया. जख्मी कृष्ण सिंह के अनुसार, वह अपने चचेरे चाचा अशोक सिंह और सगे भाई बलिराम सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. गांव में पीपल के पेड़ के पास उन्हें घेर लिया गया. पहले लाठी-डंडों से मारपीट की गई और बीच-बचाव करने पहुंचे अशोक सिंह को काफी करीब से बाएं कंधे के पास गोली मार दी गई.
गोली लगने के बाद अशोक सिंह को लोग इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मारपीट में घायल कृष्ण सिंह और बलिराम सिंह का उपचार हुआ. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
