लाइव सिटीज, पटना: बिहार के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें अपडेट कराने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी। राज्य की सभी 8053 पंचायतों के पंचायत सरकार भवन में आधार सेवा केंद्र शुरू करने की तैयारी चल रही है।
पंचायती राज विभाग और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के बीच जल्द करार होने की उम्मीद है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पंचायत भवन में नया आधार बनवाने के साथ आधार में जरूरी बदलाव भी कराए जा सकेंगे। विभाग की ओर से कंप्यूटर और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि केंद्रों का संचालन CSC के कर्मचारी करेंगे।
इन केंद्रों पर आधार के साथ जाति, आय और आवास प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, पासबुक अपडेट, पेंशन, राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, जमाबंदी और एलपीसी जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और कृषि से जुड़ी सेवाओं का लाभ भी पंचायत स्तर पर मिल सकेगा।
ग्रामीणों को बिजली-पानी के बिल जमा करने, बैंकिंग और बीमा सेवाओं, लोन व माइक्रो क्रेडिट तथा रेल, बस और हवाई टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कुल मिलाकर पंचायत सरकार भवनों में करीब 64 प्रकार की नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
नया आधार बनवाने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अन्य सेवाओं के लिए भी निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। जाति, आय, आवास और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित करीब 21 सेवाओं के लिए शुल्क नहीं लिया जाएगा। निर्धारित शुल्क से अधिक राशि मांगने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
