HomeBiharनेपाल में भारी बारिश का असर, बागमती का रौद्र रूप; शिवहर के...

नेपाल में भारी बारिश का असर, बागमती का रौद्र रूप; शिवहर के NDRF कैंप में घुसा पानी

लाइव सिटीज, पटना: उत्तरी बिहार और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बागमती नदी के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। बारिश के कारण नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया है और बागमती एक बार फिर खतरे के निशान को पार कर गई है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे बसे इलाकों में लोगों की चिंता भी बढ़ गई है।

शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड स्थित डुब्बा घाट गेज स्टेशन पर बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है। यहां नदी का निर्धारित खतरे का स्तर 61.28 मीटर है, जबकि वर्तमान में पानी 61.33 मीटर के स्तर पर बह रहा है। यानी नदी खतरे के निशान से करीब 5 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुकी है।

बताया जा रहा है कि मौजूदा जलस्तर इस मानसून सीजन में अब तक का सबसे अधिक स्तर है। लगातार बारिश और जलग्रहण क्षेत्र से पानी आने के कारण नदी का बहाव भी तेज हो रहा है। ऐसे में नदी के आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

प्रशासन और संबंधित विभाग नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जलस्तर में आगे और बढ़ोतरी होने की स्थिति में तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर भी लोगों को नदी के बढ़ते पानी से दूरी बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments